कलेक्ट्रेट में संविधान दिवस शपथ
बरेली कलेक्ट्रेट में संविधान दिवस पर डॉ अम्बेडकर को माल्यार्पण, एडीएम संतोष कुमार सिंह ने सभी को प्रस्तावना पाठ की शपथ दिलाई।
➡️ अम्बेडकर चित्र पर माल्यार्पण से शुरुआत
➡️ एडीएम संतोष सिंह ने कराया प्रस्तावना का सामूहिक पाठ
➡️ सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली संविधान शपथ
➡️ संविधान: एकता, समानता और लोकतंत्र का प्रतीक
➡️ भारत का सबसे बड़ा लोकतंत्र, सबसे मजबूत संविधान
➡️ कलेक्ट्रेट में गरिमामय आयोजन
एडीएम संतोष कुमार सिंह ने कराया प्रस्तावना का पाठ
जन माध्यम
बरेली। संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर हुई। इसके बाद एडीएम ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराते हुए शपथ दिलाई।
एडीएम संतोष कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और इसका आधार हमारा संविधान है, जिसे आज ही के दिन वर्ष 1949 में अंगीकृत किया गया था तथा 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान अपनी व्यापकता, समावेशिता और विस्तृत व्यवस्था के कारण विश्व के सबसे उत्कृष्ट संविधानों में गिना जाता है। इसमें नागरिकों के मौलिक अधिकार, कर्तव्य, राज्य के नीति-निर्देशक सिद्धांत, चुनाव प्रणाली तथा केंद्र और राज्य सरकारों की शक्तियों का विस्तृत वर्णन मिलता है।उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह विविधता से भरे देश को एक सूत्र में जोड़ता है। हर वर्ग, हर समुदाय और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों व हितों की रक्षा सुनिश्चित करता है। एडीएम ने कहा कि संविधान न केवल क़ानूनों का दस्तावेज़ है, बल्कि यह भारत की राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आत्मा का प्रतीक है। यह हमें समानता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धर्म की स्वतंत्रता और अवसरों की समानता का अधिकार देता है, साथ ही नागरिकों को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक भी करता है।कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देशदीपक सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहात्री, जिला सूचना अधिकारी नीतू कनौजिया सहित कलेक्ट्रेट के अनेक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।