बरेली कॉलेज में मुख्य प्रॉक्टर से कथित मारपीट पर बवाल

बरेली कॉलेज में मुख्य प्रॉक्टर से मारपीट के आरोप पर बवाल। समाजवादी छात्र सभा ने एसएसपी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।

बरेली कॉलेज में मुख्य प्रॉक्टर से कथित मारपीट पर बवाल
HIGHLIGHTS:

बरेली कॉलेज में मुख्य प्रॉक्टर से मारपीट का आरोप

छात्र संगठन ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

वीडियो साक्ष्य के साथ एफआईआर की मांग

कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

हसीन दानिश । जन माध्यम

बरेली। जब शिक्षण संस्थान ही टकराव का मैदान बनने लगें, तो यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि व्यवस्था के लिए चेतावनी होती है। बरेली कॉलेज में सामने आया ताजा मामला इसी ओर इशारा कर रहा है।

बरेली कॉलेज परिसर में मुख्य प्रॉक्टर के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार की घटना ने तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर समाजवादी छात्र सभा ने सख्त रुख अपनाया है और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचा और ज्ञापन सौंपा। SSP के व्यस्त होने के कारण क्षेत्राधिकारी प्रथम अशुतोष शिवम ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और ज्ञापन प्राप्त किया।

छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि कुछ छात्र प्राचार्य कार्यालय के भीतर घुसकर मुख्य प्रॉक्टर के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार कर रहे थे। उन्होंने इस घटना को न केवल कॉलेज प्रशासन बल्कि पूरे कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया। छात्रों ने घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे और तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

समाजवादी छात्र सभा ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। ज्ञापन में उन्होंने नगर निगम कार्यालय में हुई पूर्व की घटना का भी जिक्र किया और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

ज्ञापन सौंपने के बाद छात्र संगठन के कार्यकर्ता बरेली कॉलेज पहुंचे और प्राचार्य कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि घटना में एबीवीपी से जुड़े कुछ कार्यकर्ता शामिल हैं और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। विरोध तेज होने पर कॉलेज प्रशासन को बीच-बचाव करना पड़ा।

जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा ने चेतावनी दी, “शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। यदि जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।”

वहीं, कॉलेज प्राचार्य ने घटना की निंदा की और आश्वासन दिया कि पूरे मामले में विधिक कार्रवाई कराई जाएगी तथा दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

समाजवादी छात्र सभा ने साफ चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।