श्रमायुक्त के आदेश पर अमल न होने से नाराज कर्मचारी, 30 जुलाई को डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन

बरेली कॉलेज के अस्थायी कर्मचारियों ने सहायक श्रमायुक्त के आदेश का पालन न होने पर 30 जुलाई को जिलाधिकारी को ज्ञापन देने और मांगें पूरी न होने पर 14 अगस्त से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।

श्रमायुक्त के आदेश पर अमल न होने से नाराज कर्मचारी, 30 जुलाई को डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन
HIGHLIGHTS:

29 जुलाई तक श्रमायुक्त के आदेश का पालन न होने पर 30 जुलाई को डीएम को ज्ञापन।
कर्मचारियों ने विनियमितीकरण और केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने की मांग दोहराई।
मांगें पूरी न होने पर 14 अगस्त से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी।

जन माध्यम
बरेली।
 कॉलेज के अस्थायी कर्मचारियों ने 30 जुलाई को डीएम को ज्ञापन और 14 अगस्त से आंदोलन की चेतावनी दी

बरेली। बरेली कॉलेज के अस्थायी कर्मचारियों ने सहायक श्रमायुक्त के आदेश का पालन न होने पर आंदोलन का ऐलान किया है। कर्मचारी कल्याण सेवा समिति की बैठक वनस्पति विज्ञान विभाग में अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा की अध्यक्षता में हुई, जिसमें तय किया गया कि यदि 29 जुलाई तक आदेश का पालन नहीं हुआ तो 30 जुलाई को दोपहर 12 बजे जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

बैठक में समिति के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि सहायक श्रमायुक्त के आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने अस्थायी कर्मचारियों के विनियमितीकरण, लंबित मांगों के निस्तारण तथा बरेली कॉलेज को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने की मांग भी दोहराई।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन ने समय रहते कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 14 अगस्त से महाविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

बैठक में समिति के सचिव हरीश मौर्य और उपाध्यक्ष पूरनलाल मसीह ने भी प्रस्तावों का समर्थन किया। संचालन हरीश मौर्य ने किया। इस दौरान राजाराम, अरविंद यादव, दोदराम, श्रीराम, कन्हाई लाल, तेजपाल, मोहम्मद आजम, बच्ची देवी, धर्मेंद्र, ओमप्रकाश यादव, रंजीत, गंगाप्रसाद, मुन्ने राजा, नन्हे लाल, प्रेम शंकर, भीकम सिंह, सुनील कुमार सिंह, संजीव पटेल, नरेश वाल्मीकि, कुलदीप, रामबाबू, वीर कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।