उर्स की तैयारियां तेज, ज़ायरीन की सहूलियतों पर रहेगा विशेष फोकस
ऑल इंडिया रज़ा एक्शन कमेटी की बैठक में 6, 7 और 8 अगस्त को होने वाले उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों की समीक्षा की गई। मौलाना अदनान रज़ा ने ज़ायरीन की सुरक्षा, ठहरने, लंगर और मेडिकल कैंप की बेहतर व्यवस्था के निर्देश दिए।
6, 7 और 8 अगस्त को होने वाले उर्स की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित।
ज़ायरीन की सुरक्षा, ठहरने, लंगर और मेडिकल कैंप की व्यवस्था पर विशेष जोर।
प्रशासन से समन्वय और जल्द हेल्पलाइन व सेवा टीमों की घोषणा की जाएगी।
जन माध्यम
बरेली। ऑल इंडिया रज़ा एक्शन कमेटी की ओर से 6, 7 और 8 अगस्त को आयोजित होने वाले उर्स-ए-रज़वी एवं उर्स-ए-अमीने शरीअत की तैयारियों को लेकर जसोली स्थित जवाहर पैलेस में समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता नबीरा-ए-आला हज़रत एवं कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अदनान रज़ा क़ादरी ने की।
मौलाना अदनान रज़ा ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले सभी ज़ायरीन आला हज़रत के मेहमान हैं। उनकी सुरक्षा, रहने-ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि उर्स के दौरान प्रशासन और नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने बताया कि उर्स के तीनों दिनों में मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा बैतुर्रज़ा सहित विभिन्न स्थानों पर लंगर और ठहरने की समुचित व्यवस्था की जाएगी। ज़ायरीन की सुविधा के लिए जल्द ही अलग-अलग सेवा टीमों और हेल्पलाइन नंबरों की भी घोषणा की जाएगी।
बैठक की शुरुआत मुफ़्ती उमर रज़ा ने कुरआन पाक की तिलावत से की। उन्होंने कहा कि उर्स में अब कम समय बचा है, इसलिए सभी कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ तैयारियों में जुट जाएं। हाफ़िज़ इमरान रज़ा बरकाती ने भी ज़ायरीन की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
बैठक के अंत में आला हज़रत का प्रसिद्ध सलाम "मुस्तफ़ा जान-ए-रहमत" पढ़ा गया और मौलाना अदनान रज़ा क़ादरी ने विशेष दुआ कराई। इस अवसर पर बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर, मुरादाबाद, रुद्रपुर, गोला लखीमपुर और चंदौसी सहित विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में उलेमा, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।