हाइवे पर दर्दनाक टक्कर में बुझ गई एक जवान जिंदगी
बरेली के देवरनियां के पास बरेली नैनीताल हाइवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस आरोपी वाहन की तलाश में जुटी है।
अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को मारी टक्कर
एक युवक की मौके के बाद अस्पताल में मौत
दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल
पुलिस सीसीटीवी से वाहन की तलाश में जुटी
जन माध्यम
देवरनिया।बरेली। तेज रफ्तार सड़क पर एक पल की टक्कर ने हंसी खुशी से लौट रहे तीन युवकों की जिंदगी को दर्द में बदल दिया, जहां एक घर का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया।
कोतवाली देवरनियां क्षेत्र के अंतर्गत बरेली नैनीताल हाइवे पर सोमवार को एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार उत्तराखण्ड के जिला उधमसिंहनगर के थाना सिडकुल क्षेत्र के गांव अटरिया मंदिर के पास निवासी सौरभ शर्मा पुत्र महेश शर्मा, पंकज पुत्र भुवन चंद्र जोशी और आंसू दिलवाल पुत्र महेन्द्र सिंह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। सोमवार दोपहर करीब एक बजे देवरनियां से कुछ दूरी पर बरेली नैनीताल हाइवे पर कठर्रा ढाल और सतरह ढावे के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से उन्हें उपचार के लिए बरेली के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सौरभ शर्मा उम्र 23 वर्ष की मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घायल दोनों युवकों का इलाज जारी है।
कोतवाली प्रभारी उप निरीक्षक आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द ही वाहन को चिन्हित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।