जन माध्यम की खबर के बाद आबकारी विभाग सक्रिय, अवैध शराब और ओवररेटिंग की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी

बरेली में अवैध शराब, एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने और निर्धारित समय के उल्लंघन की शिकायतों के लिए आबकारी विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और शिकायत सही पाये जाने पर कार्रवाई की जायेगी।

जन माध्यम की खबर के बाद आबकारी विभाग सक्रिय, अवैध शराब और ओवररेटिंग की शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
HIGHLIGHTS:

अवैध शराब, ओवररेटिंग और समय के उल्लंघन की शिकायतों के लिए आबकारी विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए।

एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने और तय समय से बाहर शराब बिक्री की सूचना अब सीधे विभाग को दी जा सकेगी।

शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने और सही शिकायत पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन।

जन माध्यम
बरेली।
जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के साथ-साथ शराब की दुकानों पर एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने तथा निर्धारित समय का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। अब आम नागरिक ऐसी किसी भी गतिविधि की शिकायत सीधे आबकारी विभाग से कर सकेंगे।

जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, बिक्री अथवा भंडारण किया जा रहा हो, शराब निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक कीमत पर बेची जा रही हो, दुकान निर्धारित समय के बाद संचालित हो रही हो या सुबह तय समय से पहले बिक्री शुरू कर दी जाती हो, तो इसकी सूचना तत्काल आबकारी विभाग को दी जाए।

प्रशासन ने लोगों से अवैध शराब का सेवन न करने की अपील करते हुए चेताया है कि ऐसी शराब में मिथाइल अल्कोहल जैसे जहरीले रसायनों की मिलावट हो सकती है। इसके सेवन से आंखों की रोशनी जाने के साथ-साथ जान का भी खतरा हो सकता है।

शिकायत दर्ज कराने के लिए जिला आबकारी अधिकारी का लैंडलाइन नंबर 0581-2421561 तथा मोबाइल नंबर 94544656469454465600 जारी किए गए हैं। संबंधित क्षेत्र के आबकारी निरीक्षक को भी सूचना दी जा सकती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा शिकायत सही पाए जाने पर आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शराब की दुकानों पर एमआरपी से अधिक कीमत वसूले जाने, निर्धारित समय के बाद देर रात तक दुकानें खुली रहने और तय समय से पहले बिक्री किए जाने का मुद्दा जन माध्यम ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद आबकारी विभाग ने शिकायतों के निस्तारण के लिए हेल्पलाइन नंबर सार्वजनिक किए हैं। इससे अब आम नागरिक सीधे विभाग तक अपनी शिकायत पहुंचाकर कार्रवाई की मांग कर सकेंगे।