आवारा गायों के झुंड ने महिला पर किया हमला, हाथ-पैर में फ्रैक्चर
बरेली के संजय नगर में आवारा गायों के झुंड ने 55 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। हाथ और पैर में फ्रैक्चर, महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी।
संजय नगर में आवारा गायों ने 55 वर्षीय महिला पर हमला किया।
महिला के हाथ और पैर में फ्रैक्चर, जिला अस्पताल में इलाज जारी।
डेयरी संचालक पर लापरवाही का आरोप, पुलिस में लिखित शिकायत।
जन माध्यम
बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के संजय नगर में शनिवार शाम आवारा घूम रहे गायों के झुंड ने 55 वर्षीय भजन देवी पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि महिला के दाएं हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया।
परिजनों ने भजन देवी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार महिला के एक हाथ और एक पैर फ्रैक्चर हो गए हैं, वहीं शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।
भजन देवी ने बताया कि हमला उस समय हुआ जब वह घर से टहलने निकली थीं और सरिया बारात घर के पास पहुंची थीं। तभी डेयरी संचालक द्वारा सड़क पर छोड़ी गई गायों का झुंड उनकी तरफ दौड़ा और उन पर हमला कर दिया। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर डेयरी संचालक की लापरवाही उजागर की।
भजन देवी का कहना है कि कई डेयरी संचालक अपनी गायों को सड़क पर छोड़ देते हैं, जिससे राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बना रहता है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो किसी की जान को गंभीर खतरा हो सकता है।