रिश्वतखोरी पर बड़ा वार, दो कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार
शाहजहांपुर में भ्रष्टाचार निवारण टीम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के दो कर्मचारियों को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया
10 हजार की रिश्वत लेते पकड़े गए कर्मचारी
ट्रैप टीम ने रंगे हाथ की गिरफ्तारी
शिकायत पर की गई कार्रवाई
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज
जन माध्यम
बरेली शाहजहांपुर। जब व्यवस्था के भीतर ही ईमानदारी डगमगाने लगे तो आम आदमी की उम्मीदें भी कमजोर पड़ जाती हैं, लेकिन ऐसे ही समय में कानून की सख्ती भरोसा फिर से जगा देती है। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय शाहजहांपुर में तैनात दो कर्मचारियों को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में निश्चय सिंह और अरुण कुमार शामिल हैं, जिन्हें शाम करीब 5 बजकर 45 मिनट पर कार्यालय परिसर से पकड़ा गया। दोनों पर एक सहायक अध्यापक से काम के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था।
शिकायतकर्ता रेनू शुक्ला ने बताया कि उनकी अनुपस्थिति से जुड़ी पत्रावली के निस्तारण के लिए आरोपियों द्वारा 10 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने जाल बिछाकर दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना सदर बाजार में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
संगठन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी रिश्वतखोरी की मांग की जाती है तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।