गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला सुभाषनगर
सुभाषनगर पेट्रोल पंप के पास पुलिस-बदमाश मुठभेड़, 8 मुकदमों वाला पारस पुलिस पर फायरिंग करता रहा, जवाबी गोली से पैर में चोट, गिरफ्तार।
➡️ सुभाषनगर में देर रात पुलिस-बदमाश मुठभेड़
➡️ हिस्ट्रीशीटर पारस ने पुलिस पर की फायरिंग
➡️ जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली, गिरफ्तार
➡️ 8 मुकदमों वाला शातिर, तमंचा-कारतूस बरामद
➡️ बिना नंबर बाइक जब्त, नए मुकदमे दर्ज
➡️ SSP की रेड-जोन पॉलिसी: अपराधियों में खलबली
पुलिस कार्रवाई भागते बदमाश के पैर में गोली, तमंचा-कारतूस बरामद
जन माध्यम
बरेली। थाना सुभाषनगर में बुधवार देर रात का माहौल अचानक दहशत और सनसनी में बदल गया, जब पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच पेट्रोल पंप के पास मुठभेड़ शुरू हो गई। एसएसपी के सख्त और जीरो टॉलरेंस निर्देशों के चलते पुलिस टीम ने बेहद तेज, प्रोफेशनल और साहसिक कार्रवाई करते हुए शातिर अपराधी पारस को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे मौके पर दबोच लिया।पुलिस सूत्रों के अनुसार पारस इज्जतनगर का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से ही आठ से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी, अवैध असलहा और हमले जैसे अपराध शामिल हैं। उसकी गिरफ्तारी लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती थी।
एसएसपी के निर्देश पर बुधवार रात पूरे शहर में स्पेशल चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सुभाषनगर थाना प्रभारी और पुलिस टीम आज़ाद पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। तभी करगैना रोड की ओर से एक बिना नंबर प्लेट की बाइक पर तेज रफ्तार युवक आता दिखा। पुलिस को देखते ही उसने कच्चे रास्ते में बाइक घुसाकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसकी बाइक गड्ढे में फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख पारस ने पुलिस पर फायरिंग झोंक दी। लेकिन पुलिस की ट्रेनिंग और प्रोटोकॉल के तहत टीम ने संयम के साथ जवाबी कार्रवाई की और उसे नियंत्रित फायर में पैर में गोली मारकर काबू कर लिया।पुलिस ने मौके से तमंचा, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की है। उसके खिलाफ अब नए मुकदमे भी दर्ज किए जा रहे हैं।
एसएसपी की ताबड़तोड़ और सख्त कार्रवाई ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। लगातार हो रही मुठभेड़, गिरफ्तारी और गैंग पर कार्रवाई से अपराधियों में खौफ और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। घायल पारस को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेडिकल के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा।