साधु की सिर कुचलकर निर्मम हत्या, एसएसपी समेत अफसर जांच में जुटे

काली माता मंदिर परिसर में एक साधु की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई है। मृतक साधु के शव के पास एक खून से सनी ईंट और डंडा मिला है। जिसके चलते उम्मीद जताई जा रही है कि मृतक की हत्या ईंट से सिर कुचलकर की गई है। हत्या की सूचना पर एसएसपी अनुराग आर्य समेत तमाम पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

साधु की सिर कुचलकर निर्मम हत्या, एसएसपी समेत अफसर जांच में जुटे
घटना स्थल का मुआयना करते एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी साउथ अंशिका वर्मा एवं अन्य अधिकारी

बरेली। देहात की फरीदपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के पचोमी गांव में स्थित काली माता मंदिर परिसर में एक साधु की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई है। मृतक साधु के शव के पास एक खून से सनी ईंट और डंडा मिला है। जिसके चलते उम्मीद जताई जा रही है कि मृतक की हत्या ईंट से सिर कुचलकर की गई है। हत्या की सूचना पर एसएसपी अनुराग आर्य समेत तमाम पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। यह हत्या रंजिश में करने की बात सामने आई है। बताया जाता है कि साधु का रात किसी से झगड़ा हो गया था। इसी झगड़े के बाद हत्या की उम्मीद है।

दो दिन पूर्व काली माता मंदिर के बने थे महंत

काली माता मंदिर में मौजूद अन्य बाबाओं ने मीडिया को बताया कि बाबा शिव चंद गिरी रात पंचेश्वरनाथ मंदिर में थे। वह एक दिन पूर्व ही काली माता मंदिर के महंत बने थे। इससे पूर्व अमित गिरी काली माता मंदिर के महंत हुआ करते थे, लेकिन राम गिरी के कुंभ मेले में चले जाने के कारण पंचेश्वरनाथ मंदिर पर अमित गिरी रहने लगे, जबकि काली माता मंदिर पर शिवनंदन गिरी ने महंत का काम दो दिन पूर्व ही शुरू किया था। पंचेश्वर नाथ मंदिर से शिवनंदन गिरी रात काली माता मंदिर पहुंचे थे। मगर, यहां मंदिर परिसर में शिवानंद गिरी की रात में ईट से कुचलकर और डंडों से हमला कर हत्या कर दी गई।

 

इलाज से पहले बाबा की मौत

इस घटना की सूचना गांव के लोगों ने ग्राम प्रधान को दी। उन्होंने तत्काल एंबुलेंस बुलवाई। हालांकि, इलाज के लिए अस्पताल ले जाने से पहले ही बाबा शिवनंदन गिरी की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी घटनास्थल पर पहुंच गए। पंचेश्वरनाथ मंदिर के एक बाबा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से डंडा, ईंट और अन्य साक्ष्य कब्जे में ले लिए हैं। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण इस हत्या से स्तब्ध हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।

पहले भी हो चुकी है एक बाबा की हत्या

वर्ष 2006 में पंचेश्वरनाथ मंदिर में एक बाबा की हत्या कर दी गई थी। उस वक्त मंदिर से लाखों रुपए का कीमती जेवर व सामान लूट लिया गया था। मगर, इस बार किसी तरह की चोरी नहीं हुई है। एसएसपी ने इंस्पेक्टर फरीदपुर समेत दो टीमों को जांच के लिए लगाया है। जिसके चलते जल्द ही घटना का खुलासा होने की उम्मीद है।

जानें क्या बोले एसएसपी

एसएसपी अनुराग आर्य ने मीडिया को बताया कि फरीदपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के पचोमी में काली माता मंदिर परिसर में साधु शिवनंदन गिरी के शव की सूचना प्रधान के माध्यम से मिली थी। जिसके चलते तुरंत फरीदपुर इंस्पेक्टर को मौके पर भेजा गया। मृतक के शव के पास एक ईंट और डंडा भी मिला है। इससे प्रतीत होता है कि ईंट और डंडे से हमलाकर हत्या की गई है। यह बाबा रात ही आए थे। अन्य स्थान पर शराब पीने को लेकर झगड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों के माध्यम से जानकारी मिली है कि यह कुछ समय पहले ही आए थे। कहाँ से आये थे। यह अभी मालूम नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया है कि पूर्व में भी शराब पीने की लेकर झगड़े हुए हैं।