परेड में जोश, ऑफिस में होश...डीआईजी ने परखी पुलिस लाइन और एसएसपी ऑफिस की व्यवस्थाएं

परेड में जोश, ऑफिस में होश...डीआईजी ने परखी पुलिस लाइन और एसएसपी ऑफिस की व्यवस्थाएं
पुलिस लाइन का निरिक्षण करते डीआईजी अजय कुमार साहनी साथ में एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी सिटी मानुष पारीक
HIGHLIGHTS:

1. घोड़े से लेकर फाइल तक सब पर चली डीआईजी की नजर
2. अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को बताया प्राथमिकता

Bareilly News: बरेली रेंज के डीआईजी ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन और एसएसपी कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड ग्राउंड से लेकर पेंशन शाखा तक गहन मूल्यांकन किया और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।



सुबह-सुबह परेड ग्राउंड पर बजे ढोल-नगाड़े


डीआईजी साहब ने पहले पुलिसकर्मियों की परेड देखी। जवानों की टर्न आउट और ड्रील देखकर खुश हुए, कुछ की चाल में जोश इतना था कि डीआईजी भी मुस्कुरा उठे। फिर क्वार्टर गार्ड पहुंचे जहां उन्होंने शस्त्रों की स्थिति, साफ-सफाई और अभिलेखों की जांच कर नियमित अपडेट रखने के निर्देश दिए।

गाड़ियों से लेकर घोड़ों तक हुई पूछताछ

एमटी शाखा और घुड़साल में जाकर डीआईजी ने देखा कि चार पहिए और चार पैर वाले कितने फिट हैं। फील्ड यूनिट में जिम्मेदारी से काम करने की सलाह दी और सभी संबंधित अधिकारियों से बातचीत की और समयबद्ध व जिम्मेदारी पूर्ण कार्यों पर जोर दिया। प्रशिक्षण व भर्ती की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। 



एसएसपी कार्यालय में शाखाओं का मूल्यांकन


एसएसपी दफ्तर पहुंचते ही डीआईजी ने अभिलेख शाखा, अपराध शाखा, ट्रैफिक कंट्रोल और शिकायत प्रकोष्ठ में झांक कर देखा कि सिस्टम कितना पारदर्शी है।

पेंशनर्स की समस्याएं सुनीं, समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए

निरीक्षण के आखिरी पड़ाव में डीआईजी पहुंचे पेंशन डेस्क, जहां उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की बातें सुनीं। पेंशन, इलाज, मकान और बाकी झंझटों पर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा पुराने सिपाहियों की सेवा भूले नहीं हैं हम।

सिस्टम में ढील मिली तो नहीं चलेगा:  डीआईजी

डीआईजी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी शाखाएं सजग और उत्तरदायी रहें ताकि जनता को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।