डीएपी न मिलने पर समिति में किसानों का हंगामा

बरेली के देवरनियां क्षेत्र स्थित कनमन सहकारी समिति में डीएपी खाद नहीं मिलने से किसानों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को शांत कराकर यूरिया खाद का वितरण कराया।

डीएपी न मिलने पर समिति में किसानों का हंगामा
HIGHLIGHTS:

कनमन सहकारी समिति पर डीएपी खाद नहीं मिलने से किसानों ने किया हंगामा।

करीब 15 गांवों के किसान खाद लेने पहुंचे थे, घंटों लाइन में करना पड़ा इंतजार।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और यूरिया का वितरण कराया।

जन माध्यम
देवरनियां/बरेली।
 देवरनियां क्षेत्र की कनमन स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति मोहनपुर पर गुरुवार को डीएपी खाद नहीं मिलने से किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। करीब 15 गांवों से पहुंचे किसान घंटों लाइन में लगने के बाद केवल यूरिया खाद मिलने से नाराज हो गए और समिति परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।

इन दिनों धान की रोपाई का कार्य चल रहा है, जिसके चलते किसानों को डीएपी और अन्य उर्वरकों की आवश्यकता है। किसानों का आरोप है कि कई दिनों से समिति के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल रही थी। गुरुवार को वितरण शुरू होने पर केवल यूरिया उपलब्ध कराई गई, जबकि किसानों का कहना था कि समिति में डीएपी खाद भी मौजूद है।

किसानों के अनुसार जब उन्होंने समिति सचिव से डीएपी खाद देने की मांग की तो उन्हें सोमवार को आने के लिए कहा गया। इससे नाराज किसानों ने विरोध शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर देवरनियां पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद यूरिया खाद का वितरण कराया गया।

किसान छत्रपाल, परसोत्तम, लाखन और हरीश कुमार सहित अन्य किसानों ने बताया कि उन्हें पांच-पांच घंटे तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है, लेकिन जरूरत की डीएपी खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही। उन्होंने प्रशासन से पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।

वहीं, इस संबंध में समिति सचिव राजेन्द्र कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।