जुनैद हत्याकांड में बड़ा खुलासा
फरीदपुर पुलिस ने जुनैद हत्याकांड में वांछित आरोपी लवी सिंह को तमंचे और कारतूस संग गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा।
➡️ वांछित आरोपी लवी सिंह उर्फ लवप्रीत गिरफ्तार
➡️ हत्या में प्रयुक्त देसी तमंचा और कारतूस बरामद
➡️ आरोपी ने बहन से संबंध को लेकर हुए विवाद को बताया हत्या का कारण
➡️ हजियापुर नहर किनारे जुनैद की गोली मारकर हत्या
➡️ इंद्रा बाइक भी बरामद
➡️ आरोपी पर 3(5) BNS व 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी
➡️ कोर्ट ने भेजा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में
फरीदपुर पुलिस ने वांछित आरोपी लवी सिंह को तमंचे और कारतूस संग दबोचा
जन माध्यम
बरेली। थाना फरीदपुर पुलिस ने जुनैद हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए वांछित आरोपी लवी सिंह उर्फ लवप्रीत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध देसी तमंचा, 315 बोर के कारतूस और एक इंद्रा बाइक भी बरामद की।
यह मामला 29 नवंबर की शाम से शुरू हुआ था, जब वादी नन्हे ने अपने पुत्र जुनैद की हत्या को लेकर तहरीर दी। आरोप था कि तवीं नामक युवक ने दावत के बहाने बुलाकर जुनैद की हत्या कर शव को हजियापुर नहर के पास फेंक दिया। सीओ संदीप सिंह और थाना प्रभारी फरीदपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम 3 दिसंबर को नामजद अभियुक्त लवी सिंह के घर पहुंची और उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वजह परिवारिक विवाद बताया। उसने स्वीकार किया कि जुनैद का उसकी बहन से संबंध था, जो उसे और उसके भाई को नागवार लगता था। घटनाक्रम के अनुसार, 29 नवंबर की रात लवी सिंह ने अपनी बहन और जुनैद को कमरे में साथ देखकर गुस्से में धक्का-मुक्की की और बाद में दोस्त सनी के साथ जुनैद को बाइक पर बैठाकर हजियापुर नहर पर ले गया, जहां
गरम बहस के दौरान उसने तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घर के पीछे बने पशुशाला क्षेत्र में छिपाया गया हत्या में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस बरामद किए। साक्ष्यों के आधार पर धारा 3(5) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में सीओ और थाना प्रभारी राधेश्याम, निरीक्षक चमन सिंह, उ.नि. रविंद्र कुमार सहित पुलिस टीम ने प्रभावी भूमिका निभाई।