मकर संक्रांति पर खिचड़ी सहभोज से बढ़ेगा आपसी प्रेम- एडीजी, मकर संक्रांति पर नाथ नगरी में खिचड़ी सहभोज का भव्य आयोजन

मकर संक्रांति पर खिचड़ी सहभोज से बढ़ेगा आपसी प्रेम- एडीजी, मकर संक्रांति पर नाथ नगरी में खिचड़ी सहभोज का भव्य आयोजन

बरेली। मकर संक्रांति के अवसर पर नाथ नगरी में उत्साह और उमंग के साथ खिचड़ी सहभोज का आयोजन किया गया। मंगलवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर खिचड़ी भोग कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान पुलिस और जिला प्रशासन ने कोतवाली परिसर में विशेष खिचड़ी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया।

कार्यक्रम में एडीजी रमित शर्मा, आईजी डॉ. राकेश सिंह, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक और एसपी दक्षिण अंशिका वर्मा समेत अन्य अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। एडीजी रमित शर्मा ने मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिचड़ी सहभोज से समाज में भाईचारा और प्रेम को बढ़ावा मिलता है।

पुलिस प्रशासन ने बढ़ाई समरसता

खिचड़ी वितरण के दौरान एडीजी, आईजी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं लोगों को खिचड़ी परोसकर समरसता का संदेश दिया। इस आयोजन को सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव की अगुवाई में सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। पुलिस द्वारा जरुरतमंदों को कंबल वितरण भी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि खिचड़ी सहभोज जैसे आयोजनों से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सकारात्मक संबंध मजबूत होते हैं।

महाकुंभ स्नान की जानकारी भी दी गई

इस अवसर पर अधिकारियों ने महाकुंभ-2025 के प्रथम अमृत स्नान से संबंधित तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की। ठंड और कोहरे को देखते हुए अलाव और रैन बसेरों की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।

शहरभर में खिचड़ी वितरण

शहर के प्रमुख मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर भी खिचड़ी वितरण का आयोजन किया गया। श्यामगंज स्थित सर्व देव साईं मंदिर, राजेंद्र नगर का बांके बिहारी मंदिर, धोपेश्वर नाथ मंदिर, मॉडल टाउन श्री हरि मंदिर और कालीबाड़ी स्थित मां काली मंदिर समेत कई स्थानों पर भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मंदिरों में खिचड़ी वितरण कार्यक्रम में भाग लिया। खिचड़ी भोज में सहयोग देने वालों में रवि छाबड़ा, गोविंद तनेजा, संजय आयलानी, अनिल अरोड़ा, धीरज सेठी, और अमित पंत समेत अन्य स्थानीय लोग शामिल रहे।