गृहक्लेश में पत्नी को पीटने के बाद पति ने लगाई फांसी
मीरगंज थाना क्षेत्र में गृहक्लेश के दौरान पति रुस्तम अली ने पत्नी को पीटा और कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
➡️ मीरगंज में गृहक्लेश: पति ने पत्नी को पीटा, फिर फांसी लगाकर आत्महत्या की
➡️ पत्नी रूबी घायल, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
➡️ मृतक रुस्तम अली ने पीछे छोड़े एक बेटा और दो बेटियां
करण पाल सिंह । जन माध्यम
बरेली। जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव चुराई दलपतपुर में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद 35 वर्षीय रुस्तम अली ने कमरे में बंद होकर फांसी लगा ली। घटना में पत्नी रूबी (30) घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, रुस्तम अली और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान रुस्तम ने अपनी पत्नी की जमकर पिटाई की। घायल पत्नी को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। इसी बीच गुस्से में आकर रुस्तम ने कमरे में खुद को बंद कर लिया और फांसी लगा ली।
परिजन और ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो रुस्तम फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पत्नी को सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में रुस्तम अली को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मीरगंज थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
इंस्पेक्टर मीरगंज संजय तोमर ने बताया कि झगड़े के दौरान पति फांसी लगा बैठा और पत्नी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया।