मीरगंज में एसआईआर को लेकर एसडीएम व तहसीलदार का क्षेत्रीय भ्रमण
मीरगंज में एसआईआर अभियान के तहत एसडीएम और तहसीलदार ने 119 विधानसभा क्षेत्र के बूथों का निरीक्षण कर मतदाता सूची सुधारने के निर्देश दिए।
➡️ मीरगंज में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान जारी
➡️ 119 विधानसभा क्षेत्र के दर्जन भर बूथों में मतदाता सूची की समीक्षा
➡️ नए 18 वर्ष के पात्र मतदाताओं को नाम जोड़ने के निर्देश
➡️ त्रुटिरहित मतदाता सूची सुनिश्चित करने पर जोर
करण पाल सिंह/ जन माध्यम
मीरगंज (बरेली)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत रविवार को मीरगंज में प्रशासनिक अधिकारियों ने क्षेत्र का भ्रमण कर बूथों पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उपजिला अधिकारी मीरगंज आलोक कुमार एवं तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने 119 मीरगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर पहुंचकर वीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।
11 जनवरी को सभी बूथों पर मतदाता सूची को पढ़कर सुनाया गया। इस दौरान उपस्थित मतदाताओं से अपील की गई कि जिन छात्र-छात्राओं, नवयुवकों एवं युवतियों ने 1 जनवरी तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, वे मतदाता बनने के पात्र हैं। ऐसे पात्र युवक-युवतियां फार्म संख्या-6 भरकर अपने संबंधित वीएलओ के पास जमा करें। साथ ही मतदाता सूची में यदि किसी मृतक, डुप्लीकेट या स्थानांतरित व्यक्ति का नाम दर्ज है तो फार्म संख्या-7 भरकर नाम विलोपन के लिए दिया जाए। नाम, आयु, माता-पिता अथवा पति का नाम या लिंग में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर फार्म संख्या-8 भरकर संशोधन कराने की जानकारी भी दी गई।

उपजिला अधिकारी आलोक कुमार ने कस्बा मीरगंज सहित दर्जन भर से अधिक बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने कंपोजिट विद्यालय अब्दुल्लागंज, प्राथमिक विद्यालय दियोरिया, वैरम नगर, बिहारीपुर, दुनका, नंदगांव सहित कई बूथों पर पहुंचकर वीएलओ से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं तहसीलदार मीरगंज आशीष कुमार सिंह ने फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के जानकी इंटर कॉलेज पिपरिया समेत अनेक गांवों का भ्रमण कर बूथों पर चल रहे एसआईआर कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी पात्र मतदाताओं का नाम समय से जोड़ा जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।