मीरगंज नेशनल हाईवे पर दो बाइकों में जबरदस्त टक्कर, दो की हालत गंभीर

मीरगंज नेशनल हाईवे पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दंपत्ति गंभीर घायल हुए, जबकि एक युवक का इलाज सीएचसी मीरगंज में जारी है। पुलिस जांच कर रही है।

मीरगंज नेशनल हाईवे पर दो बाइकों में जबरदस्त टक्कर, दो की हालत गंभीर
मीरगंज नेशनल हाईवे पर दो बाइकों में जबरदस्त टक्कर, दो की हालत गंभीर
HIGHLIGHTS:

➡️ मीरगंज हाईवे पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर
➡️ दंपत्ति गंभीर, दोनों को बरेली रेफर किया गया
➡️ जौहरपुर निवासी आकाश शर्मा सीएचसी में भर्ती
➡️ प्रत्यक्षदर्शियों ने रॉन्ग साइड चलने को हादसे की वजह बताया
➡️ पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की

कर्ण पाल सिंह/ जन माध्यम

दो को भेजा गया बरेली, एक का इलाज सीएचसी मीरगंज में जारी

मीरगंज (बरेली)। मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे मीरगंज स्थित नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गुरु नानक ढाबा के पास, नल नगरिया चौराहा के पश्चिम में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और तीन लोग सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

हादसे में देवसास निवासी सत्यवीर पुत्र ताराचंद और उनकी पत्नी किरण गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक पर सवार आकाश शर्मा पुत्र भूपराम शर्मा, निवासी जौहरपुर, थाना सीबीगंज, को भी चोटें आईं, जिसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मीरगंज में चल रहा है। सत्यवीर और किरण की हालत गंभीर होने पर पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से तुरंत बरेली रेफर कर दिया, जहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज जारी है। दोनों की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घायल दंपत्ति परौरा की तरफ से होते हुए रॉन्ग साइड से बरेली दवा लेने जा रहे थे। उसी दौरान बरेली की दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने सामने से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिल पाया।

हादसे की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों बाइकों को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बढ़ती रफ्तार और रॉन्ग साइड पर चलने की आदत को ऐसे हादसों के लिए जिम्मेदार ठहराया।