मंदिर की 119 बीघा भूमि बेचने का आरोप, डीएम से जांच की मांग
फरीदपुर तहसील के बिलौआ गांव स्थित श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर की 119 बीघा कृषि भूमि के कथित अवैध विक्रय और धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए महंत प्रमोद पुरी नागा बाबा ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
• श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर की 119 बीघा कृषि भूमि के कथित अवैध विक्रय का आरोप।
• महंत प्रमोद पुरी नागा बाबा ने डीएम को शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
• शिकायत में मंदिर की संपत्ति और धन के कथित दुरुपयोग के भी आरोप लगाए गए।
जन माध्यम
बरेली। फरीदपुर तहसील के ग्राम बिलौआ ता. नगरिया स्थित श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर की कृषि भूमि के कथित अवैध विक्रय और उससे प्राप्त धनराशि के दुरुपयोग का मामला जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचा है। मंदिर के महंत प्रमोद पुरी नागा बाबा ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम बिलौआ स्थित गाटा संख्या 277 सहित कुल आठ गाटा संख्याओं में लगभग 119 बीघा कृषि भूमि राजस्व अभिलेखों में श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर के नाम दर्ज है। महंत का आरोप है कि मंदिर के सरवराकार सुशील कुमार गिरी ने कथित रूप से राजस्व कर्मचारियों से मिलीभगत कर गाटा संख्या 277 समेत कुछ भूमि अपने नाम दर्ज करा ली, जबकि सरवराकार होने के नाते उन्हें मंदिर की संपत्ति बेचने या हस्तांतरित करने का कोई वैधानिक अधिकार नहीं है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मंदिर की कुछ कृषि भूमि ईंट-भट्ठा संचालकों को उपयोग के लिए दी गई है, जबकि कुछ भूमि कथित रूप से धन लेकर आवासीय उपयोग के लिए उपलब्ध करा दी गई। आरोप है कि कई स्थानों पर मकानों का निर्माण भी हो चुका है, जिससे मंदिर की संपत्ति लगातार कम होती जा रही है।
महंत प्रमोद पुरी नागा बाबा ने यह भी आरोप लगाया है कि भूमि से प्राप्त धनराशि मंदिर के विकास, रखरखाव और जीर्णोद्धार पर खर्च न होकर व्यक्तिगत एवं पारिवारिक उपयोग में लाई जा रही है। उनका कहना है कि मंदिर की स्थिति लगातार जर्जर होती जा रही है, लेकिन उसके संरक्षण के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए।
शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मंदिर की भूमि के कथित अवैध विक्रय पर तत्काल रोक लगाने, पूरे प्रकरण की राजस्व अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित सरवराकार के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
नोट: यह समाचार महंत प्रमोद पुरी नागा बाबा द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र एवं लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।