सात किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

बरेली के मीरगंज में एएनटीएफ बरेली यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात किलो अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है।

सात किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार
HIGHLIGHTS:

सात किलो अवैध अफीम बरामद

अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 35 लाख

नेशनल हाईवे पर घेराबंदी

बिहार से लाकर पंजाब सप्लाई कबूल

जन माध्यम

मीरगंज (बरेली)। नारकोटिक्स टास्क फोर्स की एएनटीएफ बरेली यूनिट ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात किलो अवैध अफीम के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार देर रात नेशनल हाईवे पर हुरहुरी मोड़ के पास की गई, जहां टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान देव सिंह पुत्र मंगली सिंह निवासी ग्राम बड़ागांव थाना सिरौली जनपद बरेली के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सात किलो अवैध अफीम बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी जा रही है। इसके अतिरिक्त एक मोबाइल फोन और 2310 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह बिहार से अफीम लाकर पंजाब तथा आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और संभावित गिरोह के बारे में जानकारी जुटा रही है।

एएनटीएफ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

यह कार्रवाई एएनटीएफ बरेली यूनिट के प्रभारी निरीक्षक विकास यादव के नेतृत्व में टीम सदस्य सौरभ चौधरी, अंकित यादव, कुश कुमार, विनीत कुमार, मोहित कुमार और छाया एएनटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई।