अवैध तमंचे के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार
बरेली के बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार कर उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए। आरोपी के खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने शातिर अपराधी को किया गिरफ्तार
तलाशी में अवैध तमंचा और कारतूस बरामद
आरोपी पर पहले से कई मुकदमे दर्ज
रात में मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
जन माध्यम
बरेली। रात के सन्नाटे में जब अपराध अपने कदम बढ़ा रहा था, तभी पुलिस की सतर्क नजरों ने उसे थाम लिया और एक बड़ी घटना टल गई।
थाना बिथरी चैनपुर पुलि स ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से अवैध असलाह और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार देर रात मुखबिर की सूचना पर टीम ने पदारथपुर से परसौना जाने वाले माइनर मार्ग पर फातिमा लियोन स्कूल के मोड़ के पास घेराबंदी कर अभियुक्त रेहान उर्फ मुन्ना पुत्र अंसार कुरैशी निवासी ग्राम पदारथपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
इस संबंध में थाना बिथरी चैनपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित गौकशी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। उसका हिस्ट्रीशीट नंबर 17ए बताया गया है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने अपनी सुरक्षा के लिए अवैध तमंचा रखा हुआ था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राजेश बाबू मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल मोहम्मद फहीम, हेड कांस्टेबल इस्लाक अहमद, कांस्टेबल अंकित कुमार और कांस्टेबल सचिन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।