निर्माण कार्यों की समीक्षा, तेजी के निर्देश
डीएम अविनाश सिंह ने बरेली में विभिन्न लंबित निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की और शीघ्र हैंडओवर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में हॉस्टल, विद्यालय, मंदिर और सेतु निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।
➡️ डीएम अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट में लंबित निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की
➡️ विधि विज्ञान प्रयोगशाला, टीचर ट्रेनिंग भवन
➡️ हैंडओवर के लिए तत्काल समिति गठित करने के निर्देश
➡️ सेतुओं और ₹1 करोड़ से अधिक परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा
जन माध्यम
बरेली। डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य लंबित परियोजनाओं में तेजी लाना और उन्हें समय पर पूर्ण कराकर जनता को लाभ पहुँचाना था। बैठक में डीएम ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला का विशेष निरीक्षण किया। निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन हैंडओवर के लिए कमेटी का गठन अभी शेष है।
डीएम ने तत्काल समिति गठित कर शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग के ब्लॉक इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर एजुकेशन भवन और बस अड्डा निर्माण कार्यों की समय सीमा बढ़ाने संबंधी प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। समाज कल्याण विभाग ने राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय भोजीपुरा और आंवला के ग्राम मनौना में ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण की प्रगति से अवगत कराया। लोक निर्माण विभाग ने बताया कि भोजीपुरा में 32 क्षमता वाले हॉस्टल, बैरक और विवेचना कक्ष का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, और डीएम ने हैंडओवर कराए जाने के निर्देश दिए। अल्पसंख्यक विभाग द्वारा ग्राम जाम सांवत शुमाली में राजकीय इंटर कॉलेज निर्माण कार्य की जानकारी दी गई। न्यायालय के स्टे को देखते हुए डीएम ने इस कार्य को सीएमआईएस पोर्टल से हटवाने का आदेश दिया। बैठक में विभिन्न सेतुओं और एक करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की भी समीक्षा हुई, जिसमें नाथ कॉरिडोर योजना और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आंवला, बहेड़ी एवं मीरगंज में निर्माण एवं उन्नयन कार्य शामिल थे। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि ड्रग वेयरहाउस के निर्माण में धनाभाव है। इसके विपरीत ईद जागीर स्थित शिव मंदिर और बिथरी चैनपुर का भीठा नाथ मंदिर का सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्य इसी माह पूर्ण होगा। जल निगम के फतेहगंज पूर्वी कार्य हेतु एनएचएआई की एनओसी, और सीएनडीएस द्वारा बचपन डे केयर सेंटर की दूसरी किस्त प्राप्त होने की जानकारी भी साझा की गई। आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की समीक्षा में बताया गया कि 10 में से 6 केंद्रों पर कार्य प्रगति पर है, शेष चार केंद्रों के लिए भूमि समस्या के कारण अन्य विकल्प प्रस्तावित किया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए और जनता को शीघ्र लाभ पहुंचाया जाए, साथ ही नियमित समीक्षा एवं प्रभावी समन्वय पर भी जोर दिया गया।