36 घंटे में पार्लर कर्मचारी हत्याकांड का खुलासा एक गिरफ्तार
बरेली में पार्लर कर्मचारी की हत्या का मामला 36 घंटे में खुला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर आला कत्ल बरामद किया
36 घंटे में पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा
एक आरोपी गिरफ्तार आला कत्ल बरामद
मृतक की पहचान अमन रजा के रूप में हुई
पुलिस जांच में नया आरोपी आया सामने
शाहाबुद्दीन
जन माध्यम
बरेली। किसी परिवार के लिए अपने ही घर के जवान बेटे की मौत का दर्द सबसे बड़ा होता है, लेकिन जब उसी दर्द के पीछे छिपे सच का पता चलता है तो इंसाफ की एक उम्मीद भी जन्म लेती है।
थाना कोतवाली पुलिस ने पार्लर कर्मचारी की हत्या के मामले का महज 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया आला कत्ल भी बरामद किया है।
घटना आठ अप्रैल 2026 की है, जब पुरानी रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और बाद में मृतक की पहचान अमन रजा निवासी मलूकपुर थाना किला के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
इस मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 161 26 के तहत धारा 103(1) और 238 बीएनएस में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पहले नामजद किए गए आरोपियों की घटना में संलिप्तता नहीं है। विवेचना आगे बढ़ने पर समद मुसा निवासी डोमनी मस्जिद जखीरा थाना किला का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की गई, जिसके चलते कम समय में घटना का सफल खुलासा संभव हो सका। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक सकारात्मक संदेश गया है।