आस्था और एकता की मिसाल बनेगी परशुराम जन्मोत्सव की भव्य शोभायात्रा
बरेली में 20 अप्रैल को परशुराम युवा मंच द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर 24वीं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसमें कई संत और आकर्षक झांकियां शामिल होंगी
24वीं बार निकलेगी भव्य शोभायात्रा
अयोध्या से महंत बलराम दास जी होंगे मुख्य अतिथि
मथुरा और चंदौसी के बैंड बढ़ाएंगे आकर्षण
हिंदू मुस्लिम एकता की मिसाल बनेगा आयोजन
हसीन दानिश
जन माध्यम
बरेली। जब आस्था की राह पर पूरा शहर एक साथ चल पड़ता है तो हर गली श्रद्धा और भावनाओं से भर जाती है। इसी भाव के साथ भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर 20 अप्रैल को परशुराम युवा मंच द्वारा एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी जानकारी आज आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।
यह शोभायात्रा इस वर्ष अपने 24वें पड़ाव पर पहुंचेगी और पिछले 23 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाएगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परम पूज्य श्री महंत बलराम दास जी महाराज हनुमानगढ़ी अयोध्या उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही शिवानंद महाराज महामंडलेश्वर और आचार्य संजीव गौड़ जी महामंडलेश्वर भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम के तहत दोपहर 2 बजे तुलसी स्थल निकट अलखनाथ बाबा मंदिर पर देवाधिदेव महादेव का रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे शोभायात्रा प्रारंभ होगी जो तुलसी स्थल से निकलकर किला चौकी, साहूकारा, थाना किला, बाजार, घंटाघर चौहारा, कोतवाली और नावेली चौहारा होते हुए सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर पहुंचेगी जहां आरती के साथ इसका समापन होगा।
शोभायात्रा में भगवान परशुराम, श्रीराम परिवार, गणेश जी, शिव पार्वती परिवार, लक्ष्मी नारायण, हनुमान जी, काली अखाड़ा, श्रीकृष्ण राधा और महाकाल सहित कई देवी देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। इसके साथ ही मथुरा का बैंड और चंदौसी का महाकाल बैंड पूरे आयोजन को और भव्य बनाएंगे।
परशुराम युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य भगवान परशुराम के जीवन, उनके आदर्शों और धर्म की रक्षा के संदेश को जन जन तक पहुंचाना है। साथ ही नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ना, समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करना तथा युवाओं में साहस और धर्म पालन की भावना जागृत करना है।
उन्होंने बताया कि यह शोभायात्रा सामाजिक समरसता की भी मिसाल बनती है जहां हिंदू समाज के साथ मुस्लिम समाज भी भव्य स्वागत करता है।
पवन मिश्रा ने शहरवासियों और धर्मप्रेमी बंधुओं से अपील की है कि वे 20 अप्रैल को रुद्राभिषेक और शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं और भगवान परशुराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं।