चाकू से गोदकर नाबालिक छात्र की निर्मम हत्या
बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्र की चाकू से हत्या, इलाज के दौरान मौत। इलाके में दहशत का माहौल।
संजय नगर में 17 वर्षीय छात्र की हत्या
चाकू से ताबड़तोड़ वार, अस्पताल में मौत
परिवार में मचा कोहराम, इलाके में दहशत
पुलिस जांच जारी, आरोपियों की तलाश तेज
हसीन दानिश । जन माध्यम
बरेली। एक मां का सपना, एक पिता का सहारा कुछ ही पलों में लहूलुहान होकर खामोश हो गया। सवाल यह है कि आखिर कब तक यूं ही मासूम जिंदगियां बुझती रहेंगी?
शाम की बुलाहट बनी मौत का कारण
थाना इज्जतनगर क्षेत्र के संजय नगर कॉलोनी में 17 वर्षीय नाबालिग छात्र शिवा पटेल की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे कुछ युवक घर आए और शिवा को अपने साथ बुलाकर ले गए। किसी मामूली विवाद ने देखते ही देखते खौफनाक रूप ले लिया।
ताबड़तोड़ चाकू वार से मचा हड़कंप
आरोप है कि गौरव नाम के युवक ने विवाद के दौरान चाकू निकालकर शिवा के पेट में लगातार कई वार कर दिए। इस हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। खून से लथपथ हालत में शिवा को तुरंत स्थानीय लोगों ने निजी अस्पताल पहुंचाया।
घंटों चला ऑपरेशन, नहीं बच सकी जान
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने शिवा को बचाने के लिए करीब रात 1 बजे तक ऑपरेशन किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस पर उठे सवाल, दहशत में इलाका
घटना की जानकारी मिलते ही थाना इज्जतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। लेकिन इस वारदात ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर दबंगों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि खुलेआम एक नाबालिग की हत्या कर दी गई?
न्याय की मांग, आरोपियों की तलाश तेज
परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। लेकिन सवाल अब भी कायम है क्या इस मासूम को न्याय मिलेगा?