रंजिश ने लिया हिंसा का रूप, घर में घुसकर हमला
बरेली के शाही क्षेत्र के चकदहा गांव में बाइक विवाद के बाद रंजिश में घर में घुसकर हमला कई लोग घायल पुलिस ने मामला दर्ज किया
बाइक विवाद से शुरू हुआ मामला
रात में घर में घुसकर हमला
तीन लोग घायल, गांव में दहशत
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
जन माध्यम
शाही।बरेली। छोटी सी कहासुनी जब अहंकार और रंजिश में बदल जाती है तो गांव की शांति पल भर में हिंसा में तब्दील हो जाती है। चकदहा गांव में ऐसा ही एक विवाद देखते ही देखते बवाल में बदल गया।
जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल को रास्ते से बाइक निकालने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इस दौरान प्रधान पक्ष के युवकों ने रौब दिखाते हुए दूसरे गांव के लड़कों के साथ मारपीट की, जिसके बाद मामला शांत होने के बजाय अंदर ही अंदर सुलगता रहा।
इसी रंजिश ने सोमवार रात करीब साढ़े सात बजे उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग दर्जनों साथियों के साथ चकदहा गांव पहुंचे और सीधे प्रधान छोटे मंसूरी के घर पर धावा बोल दिया।
हमलावरों ने घर में घुसकर प्रधान और उनके बेटों ईमरान व शहजिल पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। करीब बीस मिनट तक चले इस उत्पात में बीच बचाव करने आए परिजनों और ग्रामीणों को भी नहीं बख्शा गया। गाली गलौज और मारपीट से पूरे गांव में दहशत फैल गई।
शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए और किसी तरह हमलावरों को खदेड़ा। घटना के बाद गांव में अफरा तफरी का माहौल बन गया। घायल तीनों लोगों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया है।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नौ नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि छोटी सी बात पर बढ़ती हिंसा को आखिर कब और कैसे रोका जाएगा।