जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना : माता प्रसाद पांडे

बरेली में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित कार्रवाई को राजनीतिक विद्वेष बताया। उन्होंने कहा कि यदि ध्वस्तीकरण हुआ तो समाजवादी पार्टी न्यायालय जाएगी और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।

जौहर यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना : माता प्रसाद पांडे
HIGHLIGHTS:

माता प्रसाद पांडे ने जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित कार्रवाई को राजनीतिक बताया।

ध्वस्तीकरण होने पर न्यायालय जाने और विरोध करने की दी चेतावनी।

जंतर-मंतर घटना, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।

जन माध्यम
बरेली।
 में प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर साधा निशाना, ध्वस्तीकरण होने पर न्यायालय जाने की कही बात

बरेली। उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता माता प्रसाद पांडे ने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पर प्रस्तावित कार्रवाई को राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित बताया है। गुरुवार को रामपुर जाते समय बरेली के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को निशाना बनाया जा रहा है और समाजवादी पार्टी इसका हर स्तर पर विरोध करेगी।

माता प्रसाद पांडे ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए भूमि विधिवत खरीदी गई थी। उनका कहना था कि पहले सपा नेता आजम खान के विरुद्ध कार्रवाई की गई और अब विश्वविद्यालय की 38 इमारतों को ध्वस्त करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होती है तो समाजवादी पार्टी न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएगी।

उन्होंने बताया कि जौहर यूनिवर्सिटी की स्थिति का आकलन करने के लिए उनके नेतृत्व में समाजवादी पार्टी का 48 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रामपुर रवाना हुआ है। प्रतिनिधिमंडल मौके का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगा, जिसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

नेता प्रतिपक्ष ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की गई, जिसकी समाजवादी पार्टी निंदा करती है।

इसके अलावा उन्होंने बेरोजगारी, खाद की उपलब्धता, महंगाई और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आर्थिक नीतियों का लाभ बड़े उद्योगपतियों को मिल रहा है, जबकि किसान और आम लोग आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

माता प्रसाद पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और लोकतांत्रिक तरीके से उनके समाधान के लिए संघर्ष जारी रखेगी।