जर्जर मकान की छत गिरी, महिला की मौत
बरेली के शाही थाना क्षेत्र के केरा गांव में जर्जर मकान की छत गिरने से 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शाही के केरा गांव में जर्जर मकान की छत गिरने से 32 वर्षीय महिला की मौत।
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
जन माध्यम
बरेली। शाही थाना क्षेत्र के गांव केरा में बुधवार रात जर्जर मकान की छत गिरने से 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों के अनुसार, मुन्नी देवी पत्नी गोविंद राम की शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी। वह पिछले लगभग छह माह से अपने मायके में रह रही थीं और चार दिन पहले ही ससुराल लौटी थीं। बुधवार रात वह घर के कमरे में अकेली सो रही थीं, जबकि उनके पति किसी काम से गांव से बाहर गए हुए थे।
बताया जा रहा है कि देर रात कमरे की जर्जर लिंटर का आधा हिस्सा अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। हादसे की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। इस दौरान उनका बेड भी क्षतिग्रस्त हो गया।
गंभीर रूप से घायल मुन्नी देवी को पहले स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में क्षेत्राधिकारी मीरगंज अजय कुमार और राजस्व विभाग की ओर से लेखपाल भी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि जिस मकान में हादसा हुआ, उसकी हालत काफी जर्जर थी। मृतका की कोई संतान नहीं थी।
थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।