जनगणना प्रशिक्षण से विकास की नई तैयारी शुरू

बरेली के मीरगंज में जनगणना पर्यवेक्षक और प्रगणकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ। अधिकारियों ने मकान सूचीकरण और जनगणना को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

जनगणना प्रशिक्षण से विकास की नई तैयारी शुरू
HIGHLIGHTS:

तीन दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण शिविर शुरू

मई और जून में होगा मकान सूचीकरण

299 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण

24 अनुपस्थित कर्मियों को नोटिस जारी

जन माध्यम
मीरगंज।बरेली।
आने वाले समय की योजनाओं की नींव आज के आंकड़ों पर टिकी होती है और इन्हीं आंकड़ों को सहेजने की जिम्मेदारी अब प्रशिक्षण के साथ शुरू हो गई है।

मीरगंज में जनगणना पर्यवेक्षक तथा प्रगणकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सोमवार से प्रारंभ हो गया। प्रशिक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी आलोक कुमार सिंह ने जनगणना से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि सबसे पहले प्रत्येक गांव में बनाए गए मकान सूची ब्लॉक के आधार पर मकानों का सूचीकरण किया जाएगा। यह कार्य मई और जून माह में पूरा किया जाएगा। इस कार्य के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के अध्यापक, ग्राम पंचायत सचिव, लेखपाल, रोजगार सेवक और पंचायत सहायक सहित अन्य ग्राम स्तरीय कर्मचारियों को प्रगणक और सुपरवाइजर के रूप में तैनात किया गया है।

लेखपालों द्वारा प्रत्येक राजस्व ग्राम में आबादी के अनुसार ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं, जिसमें एक प्रगणक लगभग 700 की आबादी पर मकान सूचीकरण और जनगणना का कार्य करेगा।

प्रथम बैच में नगर पंचायत मीरगंज, शीशगढ़ और ग्रामीण क्षेत्र के कुल 299 प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण निर्धारित था, लेकिन इस दौरान 24 कार्मिक अनुपस्थित पाए गए। इन सभी अनुपस्थित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यदि संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होता है तो उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशिक्षण के दौरान तहसील चार्ज अधिकारी ग्रामीण आशीष कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी प्रियंका सिंह, चार्ज अधिकारी दुर्गेश सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी अवनीश कुमार, मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेनर और लेखपाल सुपरवाइजर सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।