खेत में मिला शव और उठे कई सवाल
बरेली के शाही क्षेत्र में खेत के पास युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी।
खेत के पास मिला युवक का शव
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
शराब की बोतलें और चप्पल मिली मौके से
मौत के कारणों पर बना रहस्य

दीनानाथ कश्यप। जन माध्यम
बरेली। सुबह का सन्नाटा उस वक्त दहशत में बदल गया जब खेत की ओर जा रहे लोगों की नजर एक शव पर पड़ी और देखते ही देखते पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
शाही क्षेत्र के मंसूरगंज गांव और लाल कुआं बाजार के बीच कच्चे चकरोड पर गेहूं के खेत के पास एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बाजार से कुछ दूरी पर खेतों की ओर जा रहे किसानों ने सबसे पहले शव देखा और आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही शाही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मीरगंज के क्षेत्राधिकारी अजय पाल भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आसपास से मिली वस्तुओं को कब्जे में लिया।
शव की पहचान जुनहाई गांव निवासी 45 वर्षीय होरीलाल पुत्र लालमन के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और परिवार में कोहराम मच गया।
जांच के दौरान शव के पास दो खाली शराब के पव्वे और एक भरा हुआ पव्वा मृतक की जेब से मिला। वहीं उसकी चप्पल भी पास में पड़ी मिली। ग्रामीणों के अनुसार होरीलाल शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे में रहता था।
परिजनों ने बताया कि होरीलाल रविवार शाम से घर से लापता था। संतान न होने के कारण उसने अपने छोटे भाई के बेटे नितिन को गोद ले रखा था।
शुरुआत में परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, लेकिन पुलिस और ग्रामीणों के समझाने के बाद वे तैयार हो गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी। थाना प्रभारी देवेन्द्र पाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।