शाही पुलिस ने 1.30 करोड़ रुपये का एसीटिक एनहाइड्राइड पकड़ा, चार तस्कर गिरफ्तार
बरेली के शाही थाना क्षेत्र में पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 498.35 किलोग्राम एसीटिक एनहाइड्राइड बरामद किया गया। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
शाही पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 498.35 किलोग्राम एसीटिक एनहाइड्राइड बरामद।
चार आरोपियों को गिरफ्तार कर एक पिकअप, कार, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई।
पुलिस ने दो अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की, एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज।
जन माध्यम
बरेली। शाही थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.30 करोड़ रुपये मूल्य का 498.35 किलोग्राम एसीटिक एनहाइड्राइड बरामद किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिकअप वाहन, एक कार, पांच मोबाइल फोन और 1,080 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई की रात मुखबिर की सूचना पर शाही क्षेत्र के जुनहाई गांव स्थित बिजली पावर हाउस के पास धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर घेराबंदी की गई। इस दौरान चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आठ नीली कैनों में रखा 498.35 किलोग्राम एसीटिक एनहाइड्राइड बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोश उर्फ पिकू निवासी चक मुस्तफापुर जनपद अमरोहा, वाशिद निवासी नदईहल जनपद बदायूं, तेजपाल सिंह निवासी हटऊआ जनपद अमरोहा तथा अरुण कुमार निवासी जाटव कॉलोनी जोया जनपद अमरोहा के रूप में हुई है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह रसायन उन्हें कथित रूप से अरशद ने उपलब्ध कराया था। आरोप है कि इसे मेवात हरियाणा से खरीदकर बदायूं निवासी कय्यूम को सप्लाई किया जाना था। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने यह भी बताया कि इस रसायन का इस्तेमाल मादक पदार्थ तैयार करने की प्रक्रिया में किया जाता है।
पुलिस ने अरशद निवासी मेवात हरियाणा तथा कय्यूम निवासी नदईहल जनपद बदायूं को इस मामले में वांछित घोषित किया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।