महंगाई के विरोध में व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन
बरेली में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल, एलपीजी और बिजली के ईंधन अधिभार के विरोध में राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
• व्यापारियों ने बढ़ती महंगाई के विरोध में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
• पेट्रोल-डीजल, एलपीजी और बिजली के ईंधन अधिभार को कम करने की मांग की।
• महंगाई से व्यापार, लघु उद्योग और आम उपभोक्ताओं पर बढ़ते आर्थिक बोझ का मुद्दा उठाया।
जन माध्यम
बरेली। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के जिला अध्यक्ष अकरम खान के नेतृत्व में व्यापारियों ने बढ़ती महंगाई के विरोध में राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल, घरेलू एवं वाणिज्यिक एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों तथा बिजली बिलों पर लगाए गए 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए राहत देने की मांग की गई।
व्यापारियों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से प्रदेश के व्यापारी, लघु एवं कुटीर उद्योगों के साथ-साथ आम उपभोक्ता भी आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि से परिवहन लागत बढ़ रही है, जिसके कारण आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और इसका सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों तथा आम लोगों के मासिक बजट पर पड़ रहा है।
ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी, घरेलू एलपीजी गैस पर पर्याप्त सब्सिडी बहाल करने, वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों के दाम घटाने, उत्तर प्रदेश में बिजली बिलों पर लगाए गए 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार को समाप्त करने तथा परिवहन लागत कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।
व्यापार मंडल का कहना है कि महंगाई का सबसे अधिक प्रभाव मध्यम वर्ग, निम्न आय वर्ग, छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो इसका प्रतिकूल असर व्यापार, रोजगार और जनजीवन पर और अधिक बढ़ सकता है।
व्यापारियों ने राष्ट्रपति से जनहित के इस मुद्दे पर संज्ञान लेकर केंद्र और राज्य सरकार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की। इस दौरान परवेज आलम, गौरव गर्ग, राजेश कुमार दिवाकर, जावेद आलम, उवेश अख्तर सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।