उधार के रुपये लेने गई महिला से छेड़छाड़ का आरोप

बरेली के शाही थाना क्षेत्र में उधार के रुपये लेने गई महिला ने युवक पर छेड़छाड़ और जबरदस्ती की कोशिश का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उधार के रुपये लेने गई महिला से छेड़छाड़ का आरोप
HIGHLIGHTS:

• उधार के रुपये लेने गई महिला ने युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया।

• शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।

• पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

जन माध्यम

 शाही (बरेली)। थाना शाही क्षेत्र के गांव ठिरिया कल्यानपुर में उधार के रुपये लेने गई एक महिला के साथ कथित छेड़छाड़ और जबरदस्ती की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, उनके पति ने गांव के ही एक युवक को एक हजार रुपये उधार दिए थे। 5 जुलाई की रात करीब नौ बजे वह रुपये वापस लेने उसके घर पहुंची थीं।

महिला का आरोप है कि घर में अकेले होने का फायदा उठाकर युवक ने उनका हाथ पकड़ लिया और उनके साथ छेड़छाड़ करते हुए जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना की जानकारी परिवार को देने के बाद विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की।

घटना की सूचना महिला ने डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की।

थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।