ऑटो सेल्स एजेंट ने ग्राहकों से ली 2.27 लाख की बुकिंग राशि, कंपनी खाते में जमा नहीं की, फरार

बरेली ग्रोवर ऑटो सेल्स में दिवाली एजेंट अंकित सक्सेना ने 4 ग्राहकों से 2.27 लाख रुपये बुकिंग के नाम पर लिए, कंपनी खाते में जमा नहीं किए और फरार। मुकदमा दर्ज।

ऑटो सेल्स एजेंट ने ग्राहकों से ली 2.27 लाख की बुकिंग राशि, कंपनी खाते में जमा नहीं की, फरार
HIGHLIGHTS:

➡️ दिवाली में अस्थाई सेल्स एजेंट अंकित कुमार सक्सेना ने ग्राहकों को लगाया 2.27 लाख का चूना
➡️ 4 ग्राहकों से नकद बुकिंग राशि ली, कंपनी खाते में एक पैसा नहीं डाला
➡️ सबसे बड़ा केस: निमित ने दिए 1.31 लाख, गीता पाल-अभिनव ने 92 हजार, शकील ने 4 हजार
➡️ ग्राहक ने डिलीवरी पूछी तो हुआ खुलासा, अंकित फरार
➡️ बहन प्राची सक्सेना उर्फ साक्षी पर भी संलिप्तता का शक
➡️ कोतवाली में मुकदमा दर्ज, पुलिस छापेमारी कर रही
➡️ फर्म प्रबंधक बोले: और भी ग्राहक धोखे में हो सकते हैं

हसीन दानिश/ जन माध्यम

बरेली। कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित ग्रोवर ऑटो सेल्स एलएलपी में दिवाली के दौरान अस्थाई रूप से नियुक्त किए गए कमीशन सेल्स एजेंट अंकित कुमार सक्सेना पर ग्राहकों से वाहन बुकिंग के नाम पर 2 लाख 27 हजार रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी राशि कंपनी के खाते में जमा किए बिना फरार हो गया। फर्म प्रबंधक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फर्म प्रबंधक की तहरीर के अनुसार, अंकित कुमार सक्सेना पुत्र जतन कुमार सक्सेना (मूल निवासी पुलिस अकादमी मुरादाबाद, वर्तमान पता शांति विहार कॉलोनी, सुभाष नगर, बरेली) को दिवाली सीजन में अस्थाई सीएसए (कमीशन सेल्स एजेंट) के तौर पर रखा गया था। कुछ दिन पहले एक ग्राहक निमित ने फोन कर अपनी गाड़ी की डिलीवरी के बारे में पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि उसने अंकित को 1 लाख 31 हजार रुपये नकद बुकिंग के तौर पर दिए थे, लेकिन यह राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं हुई।इसी तरह दो अन्य ग्राहकों गीता पाल व अभिनव परमार ने 92 हजार रुपये और मोहम्मद शकील ने 4 हजार रुपये अंकित को दिए, जो कंपनी खाते में नहीं पहुंचे। कुल मिलाकर अब तक 2 लाख 27 हजार रुपये की हेराफेरी सामने आई है। फर्म प्रबंधक का कहना है कि और भी ग्राहक धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं, जिनकी शिकायतें आगे आ सकती हैं।प्रबंधक ने अंकित की बहन प्राची सक्सेना उर्फ साक्षी पर भी इस मामले में संलिप्तता का शक जताया है। कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेश गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी अंकित कुमार सक्सेना की तलाश में छापेमारी कर रही है।