गांव का बेटा बना डीएसपी तो खुशी से झूम उठा पूरा इलाका
बरेली के हाफिजगंज गांव के अख्तियार अहमद इंस्पेक्टर से प्रमोट होकर डीएसपी बने गांव में जश्न का माहौल मिठाई और आतिशबाजी से मनाई खुशी
इंस्पेक्टर से डीएसपी बने अख्तियार अहमद
गांव में मिठाई बांटकर मनाई खुशी
आतिशबाजी से गूंजा पूरा इलाका
गांव पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत
सरफराज़ खान। जन माध्यम
बरेली। जब गांव का एक बेटा मेहनत के दम पर ऊंचाई छूता है तो उसकी खुशी सिर्फ घर तक नहीं रहती, पूरा गांव उस पर गर्व करता है और जश्न में डूब जाता है।
सैंथल क्षेत्र के निकट स्थित गांव हाफिजगंज उस समय खुशी से झूम उठा जब यहां के रहने वाले अख्तियार अहमद इंस्पेक्टर से प्रमोट होकर डीएसपी बन गए। जैसे ही यह खबर गांव पहुंची लोगों ने मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया।
बताया जाता है कि अख्तियार अहमद लखनऊ में डीजीपी कार्यालय में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। अपनी मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के चलते उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उनके प्रमोशन की खबर से गांव में गर्व और उत्साह का माहौल बन गया।
डीएसपी बनने के बाद जब अख्तियार अहमद अपने गांव हाफिजगंज पहुंचे तो उनका भव्य स्वागत किया गया। गांव वालों ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया, पगड़ी बांधी और गर्मजोशी से उनका इस्तकबाल किया। हर कोई इस उपलब्धि पर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा था।
अख्तियार अहमद के बड़े भाई मुख्तार अहमद गांव के प्रधान भी रह चुके हैं और सामाजिक जीवन में उनकी अच्छी पहचान रही है। इस अवसर पर दूर दराज से भी लोग उन्हें बधाई देने पहुंचे।
इस मौके पर अख्तियार अहमद ने कहा कि उन्होंने हमेशा ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन किया है और आगे भी इसी निष्ठा के साथ काम करते रहेंगे। उन्होंने लोगों से कानून का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि समाज में सम्मान उन्हीं को मिलता है जो नियमों का पालन करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में अख्तियार अहमद और उनके भाई ने गांव और बाहर से आए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। गांव में देर तक जश्न का माहौल बना रहा और हर चेहरे पर गर्व और खुशी साफ नजर आई।