बरेली में कक्षा 9 के छात्र का शव मिला फांसी पर लटका
बरेली के इज्जतनगर में नौवीं के छात्र का शव खंडहर मकान में फंदे से लटका मिला दो दिन से लापता था परिजनों ने प्रताड़ना और हत्या की आशंका जताई
दो दिन से लापता छात्र का शव बरामद
खंडहर मकान में फंदे से लटका मिला
फेल होने के बाद तनाव में था छात्र
परिजनों ने हत्या और प्रताड़ना का आरोप लगाया
जन माध्यम
बरेली। दो दिन से जिस बेटे की तलाश में एक पिता दर दर भटक रहा था, आखिरकार वह मिला तो सही, लेकिन ऐसी हालत में कि पूरे परिवार की दुनिया उजड़ गई।
थाना इज्जतनगर क्षेत्र की न्यू मॉडल रेलवे कॉलोनी में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक खंडहर पड़े मकान में कक्षा 9 के छात्र का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान आलोक विराट के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से घर से लापता था।
परिजनों के अनुसार आलोक हाल ही में कक्षा 9 में फेल हो गया था, जिसके बाद वह गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा था। घरवालों का कहना है कि वह बिना बताए घर से निकल गया था और फिर वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो पिता ने थाना इज्जतनगर में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्र की तलाश के लिए दो टीमें गठित की थीं और लगातार खोजबीन की जा रही थी। इसी बीच गुरुवार शाम को न्यू मॉडल रेलवे कॉलोनी के एक खंडहर मकान में उसका शव लिंटर से लटका हुआ मिला। इस खबर के सामने आते ही पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध नजर आया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता ने बेटे की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने की आशंका जताई है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय विद्यालय आईवीआरआई के एक क्लास टीचर पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप भी लगाया है।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। एसपी सिटी मानुष पारिख ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी है और हर एंगल पर पड़ताल की जा रही है। एक ओर जांच जारी है तो दूसरी ओर एक परिवार अपने बेटे को खोने के दर्द में टूट चुका है और इस सवाल का जवाब तलाश रहा है कि आखिर उसकी जिंदगी इतनी जल्दी क्यों खत्म हो गई।