बरेली में होली खेलने गए युवकों पर हमला, तीन गंभीर घायल
बरेली के कैंट क्षेत्र के मोहनपुर गांव में होली खेलने गए तीन युवकों पर 25–30 लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
होली खेलने पहुंचे युवकों पर हमला
25–30 लोगों ने घेरकर पीटा
तीन युवक गंभीर रूप से घायल
पुलिस हमलावरों की तलाश में
जन माध्यम
बरेली। रंगों और खुशियों के पर्व होली पर जहां लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गले मिलते हैं, वहीं थाना कैंट क्षेत्र के गांव मोहनपुर में खुशियों का यह दिन अचानक हिंसा में बदल गया। होली खेलने पहुंचे तीन युवकों पर कुछ दबंगों ने अचानक हमला बोल दिया और लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से बुरी तरह पीटकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
थाना बी-3 चैनपुर क्षेत्र के गांव खजुरिया ब्राह्मनाथ निवासी 28 वर्षीय धर्मवीर ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बताया कि वह होली का त्योहार बड़े उत्साह के साथ मना रहे थे। इसी बीच वह अपने छोटे भाई सतवीर की ससुराल गांव मोहनपुर में होली खेलने के लिए अपने दोस्तों सोनू और हरवीर के साथ टेंपो से पहुंचे थे। तीनों दोस्तों को उम्मीद थी कि वहां भी रंगों और खुशियों के बीच त्योहार मनाया जाएगा, लेकिन उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनके लिए दर्दनाक साबित होगा।
धर्मवीर के अनुसार, गांव पहुंचते ही कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो मामला अचानक बिगड़ गया। देखते ही देखते करीब 25 से 30 अज्ञात लोगों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और लाठी-डंडों तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में धर्मवीर, सोनू और हरवीर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने घायलों का इलाज शुरू कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, क्योंकि जिस दिन लोग भाईचारे और प्रेम का संदेश देते हैं, उसी दिन हुई इस हिंसक वारदात ने त्योहार की खुशियों को फीका कर दिया।