मथुरा में छात्रों के लिए फ्री एआई कोर्स शुरू

मथुरा में कक्षा 10-12 के विद्यार्थियों के लिए मुफ्त एआई कोर्स शुरू, 9 अप्रैल तक रजिस्ट्रेशन, 15 अप्रैल से प्रशिक्षण।

मथुरा में छात्रों के लिए फ्री एआई कोर्स शुरू
HIGHLIGHTS:

कक्षा 10 से 12 तक के छात्रों के लिए मुफ्त एआई कोर्स

9 अप्रैल तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का मौका

15 अप्रैल से शुरू होगा 20 घंटे का प्रशिक्षण

कोर्स पूरा करने पर मिलेगा प्रमाणपत्र और क्रेडिट

श्याम बिहारी भार्गव। जन माध्यम

मथुरा। बदलते दौर में जो तकनीक से जुड़ गया, वही आगे निकलेगा इसी सोच के साथ अब छात्रों को नई दिशा देने की पहल शुरू हो गई है।

जनपद में इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए मुफ्त आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कोर्स शुरू किया जा रहा है। यह पहल माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित कक्षा 10, 11 और 12 के विद्यार्थियों के लिए खास तौर पर शुरू की गई है।

इस कोर्स के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और विद्यार्थी 9 अप्रैल तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। एआई अवेयरनेस प्रोग्राम 15 अप्रैल से शुरू होगा, जिसमें छात्रों को भविष्य की तकनीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रखना, बल्कि उन्हें नई तकनीकी दुनिया के लिए तैयार करना है, जहां एआई का महत्व तेजी से बढ़ रहा है।

कोर्स का आयोजन महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय, महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज के सहयोग से किया जा रहा है। इसमें विद्यार्थियों को कुल 20 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को एआई की बुनियादी जानकारी, उसके उपयोग और भविष्य में उसकी संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा। कोर्स पूरा करने पर विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र के साथ दो क्रेडिट प्वाइंट्स भी दिए जाएंगे, जो उनके शैक्षणिक रिकॉर्ड में जुड़ेंगे।

जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रजिस्ट्रेशन 3 अप्रैल से शुरू हो चुका है और 9 अप्रैल तक चलेगा।

अब सवाल यह है क्या छात्र इस मौके का पूरा फायदा उठाकर खुद को भविष्य के लिए तैयार करेंगे, या फिर यह अवसर भी जानकारी के अभाव में छूट जाएगा?