मतदाता सूची का सार्वजनिक पाठ

बरेली में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत आज सभी बूथों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का सार्वजनिक पाठ किया जाएगा। मतदाता मौके पर नाम सत्यापित कर सकेंगे।

मतदाता सूची का सार्वजनिक पाठ
HIGHLIGHTS:

➡️ मतदाता सूची के सार्वजनिक पाठ का आयोजन
➡️ जिले के हर मतदान बूथ पर मिशन मोड में अभियान
➡️ बीएलओ पढ़कर सुनाएंगे आलेख्य मतदाता सूची
➡️ नाम जोड़ने, संशोधन व विलोपन की सुविधा

जनमाध्यम
बरेली।
मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिले में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण एसआईआर अभियान के तहत आज एक अहम कदम उठाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर इस दिन मिशन मोड में जनपद के प्रत्येक मतदान बूथ पर बूथ लेवल अधिकारी बीएलओ द्वारा आलेख्य मतदाता सूची और अप्राप्त श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं की सूची को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया जाएगा।

डीएम ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम के दिन सभी बीएलओ अपने अपने बूथों पर निर्धारित समय से उपस्थित रहें, ताकि कार्यवाही सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरी की जा सके। बीएलओ के पास 6 जनवरी को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची के साथ साथ गणना अवधि के दौरान अप्राप्त अनकलेक्टेबल श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं की सूची, तथा अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूचियां अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहेंगी। इस अभियान के दौरान मतदाताओं को अपने नाम, पते और अन्य विवरणों का मौके पर ही सत्यापन करने का अवसर मिलेगा। मतदाताओं की सुविधा के लिए नाम जोड़ने, संशोधन अथवा विलोपन से संबंधित फार्म 6, 6ए, 7 और 8 घोषणा-पत्र सहित सभी बूथों पर पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराए जाएंगे। पात्र नागरिक मौके पर ही संबंधित प्रपत्र भरकर दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।

कार्यक्रम की प्रभावी निगरानी के लिए संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी बूथों पर निर्धारित कार्यवाही पूरी हो। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कार्मिकों की भी तैनाती की जाएगी। साथ ही, मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार किया जाएगा। डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि  बुक ए कॉल विद बीएलओ’ से जुड़े प्रकरण 48 घंटे से अधिक लंबित न रहें और बीएलओ हर हाल में मतदाता से संपर्क स्थापित करें। आमजन से अपील की गई है कि वे आज को पूर्वाह्न 11 बजे से सायं 4 बजे तक अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें।