मथुरा में स्कूल चलो अभियान का भव्य शुभारंभ

मथुरा में स्कूल चलो अभियान 2026-27 का शुभारंभ हुआ। जनप्रतिनिधियों ने रैली को हरी झंडी दिखाकर बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का संदेश दिया।

मथुरा में स्कूल चलो अभियान का भव्य शुभारंभ
HIGHLIGHTS:

स्कूल चलो अभियान 2026-27 की शुरुआत

जनप्रतिनिधियों ने रैली को दिखाई हरी झंडी

नव प्रवेशी बच्चों का स्वागत और सम्मान

अधिक नामांकन के लिए अधिकारियों को निर्देश

श्याम बिहारी भार्गव । जन माध्यम

मथुरा। शिक्षा की अलख जगाने का संकल्प और हर बच्चे को स्कूल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी। इसी उद्देश्य के साथ मथुरा में स्कूल चलो अभियान 2026-27 का भव्य शुभारंभ किया गया।

शासन के निर्देश पर जनपद मथुरा के पंञ्चजन्य प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में अभियान की शुरुआत हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, विधायक मांट राजेश चौधरी और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने संयुक्त रूप से रैली को हरी झंडी दिखाकर और मशाल जलाकर रवाना किया।

कार्यक्रम के दौरान नव प्रवेशी बच्चों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। रोली और चंदन से तिलक लगाकर, माला पहनाकर और 20 बच्चों को पुस्तक सेट व चॉकलेट देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करें, ताकि अभियान का उद्देश्य पूरी तरह सफल हो सके।

वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को परिषदीय विद्यालयों में दाखिला दिलाएं और सरकार द्वारा दी जा रही निःशुल्क सुविधाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत पिछले वर्षों में 19 मानकों पर सुधार कार्य किए गए हैं।

यह अभियान सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी है। सवाल यह है कि क्या हर अभिभावक इस पहल को समझकर अपने बच्चों को स्कूल भेजने का संकल्प लेगा?