गांव के पास नदी में दिखे मगरमच्छ, दहशत में ग्रामीण

बरेली के शाही क्षेत्र के डूंगरपुर गांव के पास धोड़ा नदी में मगरमच्छ दिखने से ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग को सूचना दी गई।

गांव के पास नदी में दिखे मगरमच्छ, दहशत में ग्रामीण
HIGHLIGHTS:

नदी में कई दिनों से दिख रहे मगरमच्छ

गांव के करीब 100 मीटर दूरी पर देखे गए

बच्चों और पशुओं पर मंडरा रहा खतरा

वन विभाग को दी गई सूचना

दीनानाथ कश्यप । जन माध्यम

शाही।बरेली। गांव के पास बहती नदी… और उसी पानी में छिपा खौफ। शाही क्षेत्र के डूंगरपुर गांव में इन दिनों डर सिर्फ एक अफवाह नहीं, बल्कि हकीकत बन चुका है।

गांव के नजदीक बहने वाली धोड़ा नदी में पिछले कई दिनों से मगरमच्छ देखे जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। नदी गांव से बेहद करीब बहती है, ऐसे में लोगों को डर सता रहा है कि कहीं ये मगरमच्छ गांव की ओर न आ जाएं।

ग्रामीणों के मुताबिक, मगरमच्छ गांव से करीब 100 मीटर दूर, पूर्व दिशा में नदी किनारे और बागों के पास देखे गए हैं। उनकी मौजूदगी से बच्चों, पालतू जानवरों और मछुआरों की जान खतरे में पड़ गई है।

सेवाज्वालापुर गांव के भानु प्रताप, नौवतराम और हीरा लाल ने मड़ी के पास नदी में मगरमच्छ को देखा, जबकि डूंगरपुर के विशाल, हिमांशु, वीरपाल, दीपक और सत्यपाल ने नदी किनारे और बागों में इनके घूमने की पुष्टि की। ग्रामीणों ने इनका वीडियो और फोटो भी रिकॉर्ड किया है।

सबसे चिंता की बात यह है कि मगरमच्छ अक्सर नदी से बाहर निकलकर खेतों और चरागाहों में भी पहुंच रहे हैं। इससे बकरियों और अन्य पालतू जानवरों के साथ-साथ बच्चों के लिए भी बड़ा खतरा खड़ा हो गया है।

मछुआरे जो रोज नदी में मछली पकड़ने जाते हैं, अब डर के साए में काम करने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि बच्चे और जानवर अकेले नदी के पास न जाएं। साथ ही प्रशासन से मांग की है कि नदी किनारे निगरानी बढ़ाई जाए और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि किसी बड़ी घटना से पहले ही उसे रोका जा सके।

इस मामले की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। बनरेंजर मीरगंज संतोष कुमार मठपाल ने बताया कि टीम को मौके पर भेजा जाएगा और स्थिति का जायजा लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि मगरमच्छ बार-बार बाहर आ रहे हैं, तो उन्हें पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा।

अब सवाल यही है क्या कार्रवाई समय रहते होगी, या किसी हादसे के बाद ही सिस्टम जागेगा?