शाही में अस्थियां मिलने और मंदिर की मूर्तियां हटाने से हड़कंप

शाही के बीथम नौगवां गांव में श्मशान घाट से महिला की अस्थियां गायब होने के बाद अलग-अलग स्थानों पर मिलने और मंदिर की मूर्तियां हटे मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस जांच में जुटी है।

शाही में अस्थियां मिलने और मंदिर की मूर्तियां हटाने से हड़कंप
HIGHLIGHTS:

बीथम नौगवां में महिला की अंत्येष्टि के दो दिन बाद श्मशान घाट पर अस्थियां नहीं मिलने से हड़कंप मचा।

ग्रामीणों के अनुसार अलग-अलग स्थानों से अस्थियां मिलने के बाद मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

इसके बाद प्राचीन शिव मंदिर में शिव, पार्वती और गणेश की मूर्तियां अपने स्थान से हटकर हनुमान जी के चरणों में मिलीं।

जन माध्यम
शाही, बरेली।
थाना शाही क्षेत्र के बीथम नौगवां गांव में लगातार सामने आई दो घटनाओं ने ग्रामीणों को हैरान कर दिया। पहले श्मशान घाट से एक महिला की अस्थियां नहीं मिलने और बाद में अलग-अलग स्थानों से अस्थियां बरामद होने का मामला सामने आया। इसके कुछ समय बाद प्राचीन शिव मंदिर में भगवान शिव, माता पार्वती और गणेश जी की मूर्तियां अपने स्थान से हटाकर हनुमान जी के चरणों में रखी मिलीं। घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में रोष है और गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

शुक्रवार को गांव की एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। परिजनों ने उसी शाम अंतिम संस्कार किया। रविवार को परिजन अस्थियां बीनने श्मशान घाट पहुंचे तो चिता की राख में एक भी अस्थि नहीं मिली। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास तलाश शुरू की।

ग्रामीणों के अनुसार तलाश के दौरान चार अलग-अलग स्थानों से अस्थियां मिलीं। इनमें कुछ अस्थियां गांव के दो लोगों के दरवाजे के पास मिलने की बात कही गई, जबकि एक युवक के ऑटो में अस्थियां रखे जाने और कुछ अस्थियां मंदिर के पास फेंके जाने की चर्चा सामने आई। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद कुछ ग्रामीण इसे तंत्र-मंत्र से जोड़कर देख रहे हैं, लेकिन पुलिस जांच पूरी होने से पहले इस तरह की आशंकाओं की पुष्टि नहीं हुई है।

इसी बीच सोमवार सुबह प्राचीन शिव मंदिर में भगवान शिव, माता पार्वती और गणेश जी की मूर्तियां अपने स्थान से हटकर हनुमान जी के चरणों में रखी मिलीं। सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी भूपराम ने स्थिति देख ग्रामीणों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर पर पहुंच गए और घटना को लेकर नाराजगी जताई।

सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मंदिर का निरीक्षण करने के साथ ग्रामीणों से दोनों घटनाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी खुराफाती तत्व द्वारा गांव का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना के बाद ग्राम प्रधान समेत भूपराम पुत्र पूरनलाल, लाला राम पुत्र जोगराज, दिनेश चंद्र राजपूत, लेखराज, नंदराम समेत दर्जनों ग्रामीण थाना शाही पहुंचे। ग्रामीणों ने तहरीर देकर दोनों घटनाओं की जांच कराने और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।