बरेली में शुरू हुआ पहला आधार सेवा केंद्र

UIDAI का पहला आधार सेवा केंद्र बरेली में शुरू हो गया है। केंद्र पर नया आधार बनवाने, अपडेट और संशोधन सहित सभी प्रमुख सेवाएं उपलब्ध होंगी।

बरेली में शुरू हुआ पहला आधार सेवा केंद्र
HIGHLIGHTS:

बरेली में UIDAI का पहला आधार सेवा केंद्र शुरू हुआ।
केंद्र की दैनिक क्षमता 1500 आधार आवेदनों के निस्तारण की है।
नया आधार बनवाने और सभी प्रकार के अपडेट की सुविधा उपलब्ध।

हसीन दानिश/जन माध्यम
बरेली। 
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) का पहला आधार सेवा केंद्र बरेली में शुरू हो गया है। इस केंद्र के शुरू होने से बरेली समेत आसपास के जिलों के नागरिकों को आधार संबंधी सेवाओं के लिए बेहतर और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध होगी।

यह आधार सेवा केंद्र डी-115 ई, गुलमोहर पार्क, संकल्प हॉस्पिटल के निकट, के.के. हॉस्पिटल रोड, राजेंद्र नगर में स्थापित किया गया है। केंद्र प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि यहां आधार से संबंधित सभी प्रमुख सेवाएं उपलब्ध हैं। नागरिक नया आधार कार्ड बनवा सकते हैं और आधार में नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, फोटो तथा बायोमेट्रिक विवरण अपडेट करा सकते हैं। इसके अलावा नाम, जन्मतिथि और लिंग में संशोधन की सुविधा भी दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि केंद्र को पासपोर्ट सेवा केंद्र की तर्ज पर आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया गया है। विभिन्न सेवाओं के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिससे नागरिकों को त्वरित और व्यवस्थित सेवाएं मिल सकें।

केंद्र की प्रतिदिन 1500 आधार आवेदनों के निस्तारण की क्षमता है। नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पडेस्क की व्यवस्था भी की गई है। केंद्र सप्ताह के सातों दिन सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित रहेगा।

केंद्र प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि यहां केवल यूआईडीएआई द्वारा निर्धारित शुल्क ही लिया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से किसी भी अतिरिक्त शुल्क के झांसे में न आने की अपील की।

लंबी प्रतीक्षा से बचने के लिए नागरिक यूआईडीएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं। उन्होंने बरेली और आसपास के जिलों के लोगों से इस नई सुविधा का लाभ उठाने का आह्वान किया।