दो दिन से बिजली ठप, ग्रामीणों ने देर रात किया विद्युत उपकेंद्र का घेराव
बहेड़ी के सीकरी गांव में दो दिन से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज ग्रामीणों ने देर रात पंजाबी कॉलोनी स्थित विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ओवरलोड की समस्या दूर करने के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग उठाई।
दो दिन से बिजली आपूर्ति बाधित रहने पर सीकरी गांव के ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र का घेराव किया।
ग्रामीणों ने 100 केवीए ट्रांसफार्मर पर बढ़ते लोड का हवाला देते हुए अतिरिक्त 65 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।
एसडीओ और जेई के आश्वासन के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने का भरोसा भी दिया गया।
जन माध्यम
बहेड़ी। लगातार बिजली कटौती और ओवरलोड की समस्या से परेशान सीकरी गांव के ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार देर रात फूट पड़ा। पंडित अमरीश शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण पंजाबी कॉलोनी स्थित विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो दिनों से गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्थापित 100 केवीए ट्रांसफार्मर मौजूदा विद्युत भार के मुकाबले पर्याप्त नहीं है। ओवरलोड के कारण लगातार फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है, जिससे घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। ग्रामीणों ने मांग की कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए गांव में अतिरिक्त 65 केवीए ट्रांसफार्मर लगाया जाए।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने से पेयजल की समस्या भी गंभीर हो गई है। भीषण गर्मी के बीच महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। लाइनमैन द्वारा फॉल्ट ठीक किए जाने के कुछ समय बाद ही फिर वही स्थिति बन जाती है।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के एसडीओ और जेई मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल कराई। साथ ही उन्होंने अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाने सहित अन्य तकनीकी समस्याओं के समाधान का प्रयास जल्द करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांतिपूर्वक वापस लौट गए।